बांसवाड़ा| ग्राम पंचायत पालोदा में ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान तालाब के ओटे पर हो रहे अतिक्रमण का मुद्दा उठा। ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने नाराजगी जताते हुए कहा कि कस्बे के द्वारकाधीश मंदिर के पास तालाब के ओटे पर लगातार अतिक्रमण हो रहा है। पंचायत ने 132 फीट की सीमा में हो रहे अतिक्रमण की जानकारी पीडब्ल्यूडी विभाग, तहसीलदार को दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब का ओटा बंद हुआ या अतिक्रमण बढ़ा तो आगे ज्यादा बारिश में पानी की निकासी प्रभावित होगी। शिविर में मोनिल त्रिवेदी, हेमंत त्रिवेदी ने तीन साल पुरानी राजस्व समस्या पर विरोध दर्ज कराया। बुजुर्ग कुरिया नाई की करीब 10 साल से बंद पेंशन बंद थी, उसके लिए प्रक्रिया शुरू की गई। शिविर में छाया जानी, मुकेश पंड्या, गीता पंड्या को आवासीय पट्टे दिए गए। विकास अधिकारी बहादुर सिंह, नायब तहसीलदार मणिलाल पाटीदार, अतिरिक्त विकास अधिकारी सोहनलाल, सरपंच शंकरलाल खराड़ी आदि मौजूद रहे।