बांसवाड़ा| आंबापुरा में राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील की बैठक जिलाध्यक्ष बहादुरसिंह चरपोटा की अध्यक्षता में हुई। इसमें संगठन ने शैक्षणिक वर्ग की पदोन्नति समय पर नहीं होने पर नाराजगी जताई। तृतीय श्रेणी से द्वितीय श्रेणी में पदोन्नति कई वर्षों से लंबित होने का मुद्दा उठाया गया। संगठन ने सभी रिक्त पदों पर शीघ्र पदोन्नति करने की मांग रखी। बैठक में टीएसपी क्षेत्र में संचालित मॉ बॉडी केन्द्रों का मुद्दा भी उठा। संगठन ने कहा कि इन केन्द्रों में कक्षा 1 से 4 तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के अधिकार कानून के प्रावधानों का पालन नहीं हो रहा। प्रशिक्षित और योग्यताधारी शिक्षकों की भर्ती नहीं होने का आरोप लगाया गया। संगठन ने मांग की कि इन केन्द्रों में शिक्षा के अधिकार के तहत स्थायी शिक्षकों के पद स्वीकृत किए जाएं और योग्यताधारी शिक्षकों की भर्ती की जाए। संगठन ने एक प्रस्ताव पारित कर सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए सरकारी महाविद्यालयों, प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों और सरकारी नौकरियों की परीक्षाओं में 50 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने की मांग की। संगठन का कहना है कि इससे सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ेगा और निजी संस्थानों व कोचिंग की फीस का बोझ कम होगा। बैठक में सरकार द्वारा पूर्व घोषित अवकाशों में कटौती का विरोध किया गया। अवकाश यथावत रखने और गर्मी को देखते हुए पुराने शैक्षणिक सत्र के अनुसार संचालन की मांग को लेकर ज्ञापन देने का निर्णय हुआ। बैठक में राजेश गुदराशिया, भूरालाल वाघेला, कमलसिंह निनामा, बहादुरसिंह गणावा, रमेश निनामा, शांतिलाल अंगारी, धनेश्वर निनामा, शांतिलाल निनामा आदि उपस्थित थे।