फलोदी कलेक्टर अंकित कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज मामलों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से निस्तारित मामलों की रिपोर्ट ली और लंबित मामलों का समय पर निस्तारण के निर्देश दिए। विभागों को दिए निर्देश कलेक्टर ने बिजली विभाग को आंधी-तूफान से टूटे बिजली के पोल की मरम्मत कर गांवों और ढाणियों में सप्लाई बहाल करने के लिए कहा। पशुपालन विभाग को मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना में रजिस्ट्रेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए। सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण कार्यों में प्रगति लाने और चिकित्सा विभाग को अपनी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए कहा। कलेक्टर ने बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली और उनमें प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों में अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने और शिविर में आने वाले लोगों के कार्यों को तुरंत समाधान करने के लिए कहा। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर प्रियंका तलानिया, एसीईओ गौतम चौधरी समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे। वहीं कलेक्टर ने खीचन ग्राम पंचायत में 'मां री संभाल' अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व (एएनसी) स्वास्थ्य जांच के लिए लगाए गए शिविर का निरीक्षण किया। कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यह अभियान जिला प्रशासन और चिकित्सा विभाग द्वारा गर्भावस्था से जुड़े जोखिमों की समय पर पहचान और सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।