फलोदी जिले में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 से 18 जुलाई तक एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस परिवार कल्याण जागरूकता अभियान का उद्देश्य योग्य दंपतियों को सीमित परिवार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, अनियोजित गर्भधारण की रोकथाम और बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल के महत्व के बारे में जागरूक करना है। विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. प्रताप सिंह राठौड़ ने बताया कि अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सास-बहू सम्मेलन, परिवार कल्याण शिविर और विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, आशा कार्यकर्ता और स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर योग्य दंपतियों से संपर्क करेंगे। वे उन्हें परिवार नियोजन के विभिन्न उपलब्ध साधनों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करेंगे। सहभागिता पर होगी चर्चा अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित लांबा ने जानकारी दी कि अभियान के दौरान सभी चिकित्सा संस्थानों पर परिवार नियोजन के साधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। योग्य दंपतियों से संपर्क कर उन्हें सीमित परिवार के लाभ, पहले और दूसरे बच्चे के बीच कम से कम तीन साल का अंतर रखने की आवश्यकता, अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन और परिवार नियोजन में पुरुषों की सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।