फरीदाबाद में एक देवरानी ने अपनी 2 जेठानियों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। रविवार को एक महिला ने जयपुर के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। दूसरी महिला भी 60 प्रतिशत तक झुलसी हुई है। मरने वाली और झुलसी महिला दोनों सगी बहनें थीं। झुलसी महिला ने आरोप लगाया कि देवरानी इस बात से चिढ़ती थी कि दोनों बहनों की एक ही घर में शादी हो रखी है और इनके बीच अच्छे संबंध हैं। इसी रंजिश में वह कई हफ्तों से अपने पति की बाइक से थोड़ा-थोड़ा पेट्रोल चुराकर जमा कर रही थी। उसने उसी पेट्रोल से दोनों को जला दिया। पुलिस ने आरोपी देवरानी को गिरफ्तार कर लिया है। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… देवरानी को पसंद नहीं था दो बहनों का मिल-जुलकर रहना परिवार का कहना है कि दोनों बहनें आपस में मिलजुल कर रहती थीं, लेकिन सबसे छोटे देवर वेदबीर की पत्नी पिंकी को यह बात पसंद नहीं थी। इसी रंजिश के चलते वह उनसे अक्सर झगड़ा करती थी। देवरानी गिरफ्तार, पुलिस जलाने की असल वजह का पता लगा रही पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर आरोपी देवरानी पिंकी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, उसे गिरफ्तार कर दो दिन की डिमांड पर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। उसने पेट्रोल कब-कब निकाला और दोनों से रंजिश की असल वजह क्या थी, पुलिस इसका पता लगाने में जुटी है।