करौली जिले के फतेहपुर गांव में सोमवार देर रात एक प्राचीन इमली के पेड़ में आग लग गई। पेड़ के अंदर से खोखला होने के कारण आग बुझाने में दमकलकर्मियों को पूरी रात कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र से दमकल वाहन मौके पर भेजा गया। अग्निशमन केंद्र के पुष्पेन्द्र शर्मा ने बताया कि रात करीब 10:45 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद ड्राइवर नीरज सिंह गुर्जर और फायरमैन राजेंद्र शर्मा, आमिर खान, उपदेश जेरिया व अमित मीना की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। पेड़ अंदर से खोखला होने के कारण आग उसकी जड़ों और तने के भीतर तक फैल चुकी थी, जिससे उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। ग्रामीणों की मदद से पास की बोरिंग से तीन बार पानी भरकर लाया गया, लेकिन आग पूरी तरह नहीं बुझ सकी। इसी दौरान क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई, जिससे राहत कार्य में और दिक्कतें आईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन केंद्र से दूसरी दमकल भी मौके पर पहुंची, जिसके बाद लगातार प्रयासों से आग पर काबू पाया जा सका। सुबह दमकल टीम के लौटने के बाद भी पेड़ के तने से धुआं निकलने की सूचना मिली। इस पर दोबारा टीम भेजी गई, जिसमें ड्राइवर सूरज डागर और फायरमैन शीशराम गुर्जर, मूलीबाई मीना, रवीना मीना, विमलेश माली और लालू गुर्जर शामिल थे। इस टीम ने मौके पर पहुंचकर शेष आग को पूरी तरह बुझाया। आग बुझाने के दौरान दमकलकर्मियों को पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के छत्तों के कारण भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।