झालावाड़ जिले में मोड़क थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी 42 वर्षीय मजदूर रामचंद्र बैरवा की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा जुल्मी रेलवे स्टेशन के पास लखारिया में पटरी पार करते समय हुआ। गंभीर रूप से घायल रामचंद्र को झालावाड़ अस्पताल लाया गया, जहां मंगलवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया। एसआरजी अस्पताल चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, रामचंद्र पुत्र मांगीलाल बैररवा फतेहपुर से लखारिया जा रहे थे। लखारिया में पटरी पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए झालावाड़ अस्पताल पहुंचाया गया। फैक्ट्री में मजदूरी करते थे अस्पताल में मौत की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस ने परिजनों और मोड़क पुलिस को सूचित किया। इसके बाद मोड़क पुलिस के एएसआई रघुवीर और एक कॉन्स्टेबल झालावाड़ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से रिपोर्ट लेकर शव का पोस्टमॉर्टम कराया। परिजनों ने बताया कि रामचंद्र लखारिया गांव की एक फैक्ट्री में चिराई मशीन चलाकर मजदूरी करते थे। वह अक्सर फैक्ट्री पर ही रहते थे। वह अपने गांव आए थे और रात को परिवार से मिलकर वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।