गेहूं की खरीद प्रभावित श्रीगंगानगर| श्रीगंगानगर नई धानमंडी में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद करने वाली एजेंसी एफसीआई के पास पर्याप्त बारदाने का अभाव है। इस कारण गेहूं की खरीद प्रभावित हो रही है। मंगलवार को गत दिवस मिले सिर्फ 25,000 थैले पुराने बारदाने का वितरण किया गया। ज्यादातर दुकानों पर बारदाने का इंतजार कर रहे किसानों को बारदाना नहीं मिलने से व्यापारियों व किसानों में आक्रोश फैल गया। बारदाने की मांग को लेकर दिनभर व्यापारी व किसान खरीद केंद्र पर चक्कर काटते रहे। शाम तक खरीद केंद्र पर बारदाना नहीं पहुंचा। मंडी के व्यापारियों ने बताया कि मौसम खराब है। वहीं, मंडी में खुले आसमान के नीचे किसानों की गेहूं की ढेरियां पड़ी हैं। ऐसे में बारिश हुई तो किसानों की उपज चौपट हो जाएगी। बारदाना नहीं पहुंचा तो बुधवार को मंडी में गेहूं की खरीद होना संभव नहीं है। वहीं, एफसीआई के अधिकारी किसानों व व्यापारियों को जल्द ही बारदाना पहुंचने का आश्वासन दे रहे हैं। ^ नई धानमंडी में खरीद केंद्र पर बारदाने की कमी है। खरीद एजेंसी बीते कई दिनों से पुराना बारदाना वितरित कर रही थी। मंगलवार को पुराना बारदाना भी नहीं मिला। मौसम भी खराब है। बारदाना नहीं मिला। बारिश हुई तो किसानों की उपज खराब होने से नुकसान होगा। -कुलदीप कासनियां, जिलाध्यक्ष, खाद व्यापार संघ श्रीगंगानगर