एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने गुरुवार को गांधीनगर थाने में सीएलजी सदस्यों की बैठक में कानून व्यवस्था, यातायात, अपराध नियंत्रण और जनसहभागिता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि नाबालिग बच्चों को दोपहिया वाहन चलाने के लिए देने वाले अभिभावकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विशेष चालान अभियान चलाया जाएगा। एसपी ने कहा होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में चोरी-छिपे शराब, नशीले पदार्थों का कारोबार या अन्य अवैध गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। ऐसे मामलों में संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। बैठक में थाना क्षेत्र में बाहरी लोगों, विशेषकर किराए के कमरों में रहने वालों का सत्यापन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कई साइबर अपराधी किराए के मकानों में रहकर वारदातों को अंजाम देते हैं। उन्होंने देह व्यापार, जुआ-सट्टा, सोशल मीडिया पर स्टंट करने, हथियार लहराकर दहशत फैलाने जैसी गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की। आकाश प्रजापत व माया मेघवाल ने पुलिस गश्त बढाने, रेणु प्रजापत ने गांधी पार्क में नशेड़ियों का अड्डा हटाने की मांग की हैं। बजरंग कॉलोनी और खुशी कॉलोनी क्षेत्र में नशाखोरी पर अंकुश लगाने तथा पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने बताया कि वर्तमान में 65 सीसीटीवी कैमरे संचालित हैं। हेलमेट अभियान पर बताया कि बिना हेलमेट वाहन चलाने पर एक हजार का चालान होता है। एसपी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जागरूकता के माध्यम से अपराध और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना भी है। बैठक में आईपीएस अजय सिंह राठौड़, थाना प्रभारी अनिल शर्मा, सीएलजी सदस्य मोहम्मद यासीन, आजम कुरैशी, रेणु प्रजापत, आकाश प्रजापत, माया सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।