जादुई ट्यूब के नाम से ठगी करने वाले एक और बदमाश को झुंझुनूं के सूरजगढ़ थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी गिरोह पुराने ब्लैक एंड व्हाइट टीवी की ‘जादुई ट्यूब’ के नाम पर बड़ा मुनाफा दिखाकर लोगों को झांसे में लेता था, फिर फर्जी खरीदारों के जरिए सौदे का नाटक कर रकम ऐंठ लेता था। पैसे लेने के बाद ट्यूब थमा दी जाती और बाद में उसे ‘टूटा हुआ’ बताकर जांच के बहाने वापस ले लिया जाता था। मुनाफे का लालच देकर जाल में फंसाया घटना 12 दिसंबर 2025 की है, जब काकोड़ा निवासी सुरेंद्र सिंह को मनोज बावरिया ने पुराने टीवी की ट्यूब के व्यापार में भारी मुनाफा होने का झांसा दिया। आरोपी ने पीड़ित को लोहारू बाईपास बुलाकर ट्यूब दिखाई और विनोद नामक व्यक्ति को फोटो भेजकर सौदे का माहौल बनाया। फर्जी खरीदार बनाकर बढ़ाया भरोसा विश्वास जीतने के लिए आरोपियों ने सूरजगढ़ टोल टैक्स पर फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार चार लोगों को फर्जी खरीदार बनाकर बुलाया, जिन्होंने ट्यूब खरीदने में रुचि दिखाकर पीड़ित का भरोसा मजबूत किया। सुनसान जगह बुलाकर लिए पैसे, थमा दी ट्यूब 14 दिसंबर को पीड़ित 5 लाख रुपए लेकर सुल्ताना के पास एक सुनसान रास्ते पर पहुंचा। वहां मनोज और विनोद ने उससे रुपए लेकर ट्यूब थमा दी। ‘टूटी ट्यूब’ का बहाना, फिर वापस ले उड़े ठगी का खेल यहीं खत्म नहीं हुआ। आरोपियों ने पीड़ित को चिड़ावा छोड़कर शाम को फिर सूरजगढ़ बुलाया। वहां फॉर्च्यूनर सवार गैंग ने ट्यूब को ‘टूटा हुआ’ बताया और जांच के नाम पर जयपुर ले जाने का नाटक कर ट्यूब भी वापस ले ली। बाद में विनोद ने फोन पर भुगतान करने का झूठा भरोसा दिया, जिससे पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। तकनीकी जांच से आरोपी गिरफ्तार मामले में थानाधिकारी रणजीत सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी रिकेश उर्फ गोलू (21) पुत्र रामफल, निवासी बास बीसना (थाना गुढ़ागौड़जी) को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी पहले ही हो चुका गिरफ्तार पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में मुख्य आरोपी मनोज कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।