बच्चों की एंट्री बंद भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा शहर के न्यू हाउसिंग बोर्ड शास्त्रीनगर क्षेत्र में पार्कों की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। ठेकेदार की ओर से साफ-सफाई पर ध्यान नहीं देने से पार्कों में कचरा पड़ा है। बार-बार शिकायतों के बावजूद भी जिम्मेदार कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। समाजसेवी किशोर लखवानी ने बताया कि सेक्टर-2 में पिछले छह माह से कचरा नहीं उठाया गया है। वहीं सेक्टर-6 स्थित कर्नल पार्क और सामुदायिक भवन के पास वाले पार्क में घास आधा-आधा फीट तक बढ़ चुकी है। कचरे के ढेर और बढ़ी हुई घास के कारण क्षेत्र में मच्छर और मक्खियां पनप रही हैं, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पहले अधिकारियों द्वारा टेंडर नहीं होने का बहाना बनाया जा रहा था, लेकिन अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी कोई काम शुरू नहीं हुआ है। पार्कों में घास इतनी बड़ी हो गई है कि बच्चों को वहां भेजने में अभिभावकों को डर लग रहा है, क्योंकि जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा बच्चों के मनोरंजन के लिए लगाए गए झूले और चकरियां भी वर्षों से टूटे पड़े हैं, जिससे पार्कों का उपयोग लगभग बंद हो चुका है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में कई बार कलेक्टर को भी पत्र लिखकर अवगत कराया है, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।