झालावाड़ में गायत्री शक्तिपीठ की ओर से भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का जिला स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ गायत्री माता व गुरुदेव की तस्वीर पर विधि विधान के साथ पूजा अर्चना करके किया गया। गायत्री शक्तिपीठ के प्रवक्ता ओम पाठक ने बताया कि यह परीक्षा 2025 में आयोजित की गई थी। समारोह में जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रकाशचंद सोनी थे, जबकि अध्यक्षता एबीईओ पवन पाटीदार ने की। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष उदयभान सिंह विशिष्ट अतिथि और गायत्री शक्ति पीठ के ट्रस्टी संदीप श्रोत्रिय मुख्य वक्ता रहे। अतिथियों ने सफल छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिह्न, नकद पुरस्कार और गुरुदेव का साहित्य भेंट कर सम्मानित किया। 'भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण जानकारी दी जाती है' मुख्य अतिथि प्रकाशचंद सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार जागृत करती है और उन्हें भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करती है। इस अवसर पर जिले के गायत्री परिवार के प्रतिनिधियों और परीक्षा के आयोजन में सहयोग देने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। गायत्री परिवार के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेकर इसे सफल बनाने में योगदान दिया।