किशनगढ़बास क्षेत्र के घाटा बंबोरा स्थित हनुमान मंदिर से सोमवार देर शाम भव्य धार्मिक झांकियों का आयोजन किया गया। यह आयोजन मंगलवार को लगने वाले वार्षिक विशाल मेले से एक दिन पूर्व हुआ, जिसमें क्षेत्रभर के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। कस्बे में निकली झांकियां झांकियां मंदिर प्रांगण में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुईं। ये किशनगढ़बास के मुख्य बाजार, तोप चौराहा, अलवर रोड, तिजारा रोड और गंज रोड सहित प्रमुख मार्गों से निकाली गईं। झांकियों में विभिन्न देवी-देवताओं और पौराणिक प्रसंगों की मनमोहक झलकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्हें देखने के लिए मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई। कस्बेवासियों और श्रद्धालुओं ने झांकियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में भजन-कीर्तन, जयकारों और धार्मिक गीतों से भक्तिमय वातावरण बना रहा। बारिश के बाद भी झूमे श्रद्धालु देर शाम मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। बिजली की गड़गड़ाहट भी सुनाई दी, लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। तेज हवाओं के बावजूद झांकियां पूरे मार्ग से होकर पुनः मंदिर प्रांगण पहुंचीं। इस दौरान पूरा क्षेत्र "जय बजरंगबली" के उद्घोष से गूंज उठा। मंगलवार को मेला मंगलवार को आयोजित होने वाले मेले में शाम को कुश्ती दंगल आयोजित होगा, जिसका प्रथम पुरस्कार 31 हजार रुपए है। रात में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत रागनी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।