राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने बारां डिपो को बड़ी राहत देते हुए 13 नई बसें आवंटित की हैं। निगम के बस बॉडी जीएम की ओर से जारी सूची में प्रदेश के 22 डिपो के लिए कुल 144 नई बसों का आवंटन किया गया है। इनमें बारां डिपो को भी 13 बसें मिली हैं, जो जल्द ही डिपो पहुंचकर संचालन में शामिल होंगी। नई बसों के आने से यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और सुगम सफर मिलेगा, वहीं लंबे समय से लंबित कुछ नए रूट शुरू करने का रास्ता भी खुलेगा। वर्तमान में बारां डिपो के पास 44 रोडवेज बसें और 14 अनुबंधित बसें संचालित हो रही हैं। इनमें कई बसें अपनी निर्धारित आयु और किलोमीटर सीमा पूरी कर चुकी हैं। ऐसे में नई बसों के शामिल होने से पुराने बेड़े पर निर्भरता कम होगी और संचालन व्यवस्था भी बेहतर होगी। 13 बसें तय अवधि पूरी कर चुकीं, मुख्यालय को भेजा कंडम का प्रस्ताव जल्द मिल सकती हैं 6 नई अनुबंधित बसें सूत्रों के अनुसार बारां डिपो को 6 नई अनुबंधित बसें मिलने की भी संभावना है। इनमें 2×2 सीटिंग व्यवस्था वाली दो एसी बसें भी शामिल होंगी। रोडवेज प्रबंधन की योजना इन बसों को उन लंबे रूटों पर संचालित करने की है, जो पिछले कई वर्षों से बंद पड़े हैं। इससे बारां जिला मुख्यालय से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधी और बेहतर बस सुविधा मिल सकेगी। निगम अधिकारियों के अनुसार बारां डिपो में लंबे समय से नई बसों का इंतजार था। वर्तमान बेड़े की 44 बसों में से करीब 13 बसें निर्धारित अवधि और तय किलोमीटर से अधिक चल चुकी हैं। इन बसों में आए दिन तकनीकी खराबी आने से यात्रियों को परेशानी होती है और संचालन भी प्रभावित होता है। अधिक रखरखाव खर्च और बार-बार खराब होने के कारण रोडवेज को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। इसी कारण इन बसों को कंडम घोषित करने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है।