उदयपुर में गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार का आगे का पूरा हिस्सा चकनाचूर हो गया। घटना गोगुंदा थाना क्षेत्र में जेलानी के पास सुबह 6.45 बजे हुई। ग्रामीणों की सूचना पर हाईवे पेट्रोलिंग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। कार की हालत इतनी खराब थी कि दोनों के शव अंदर फंस गए थे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद ली और काफी मशक्कत करने के बाद दोनों शवों को कार को काटकर बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने दोनों के शवों को गोगुंदा सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पिंडवाड़ा की तरफ जा रही थी कार गोगुंदा थानाधिकारी प्रवीण सिंह ने बताया- कार में सवार पति-पत्नी गोगुंदा से पिंडवाड़ा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान जेलानी के पास यह हादसा हो गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आगे चल रहे ट्रेलर के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ शुरू कर दी है। कोटा में मोबाइल शॉप चलाते थे इस हादसे में मुकेश कुमार चौधरी (25) और उसकी पत्नी प्रियंका साहनी (22) की मौत हो गई। दोनों की एक साल पहले आर्य समाज में शादी हुई थी। मुकेश कुमार चौधरी जालोर जिले के भीनमाल थाना स्थित अपने पैतृक गांव निंबावास जा रहा था। जो कोटा में मोबाइल शॉप चलाते थे। कोटा से उदयपुर होते हुए भीनमाल जा रहे थे। 28 मई 2025 को दोनों की शादी हुई थी। कोई बच्चे नहीं है। इनपुट - गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा।