सोने की रिकॉर्ड कीमतों ने अब इसे सिर्फ निवेश नहीं, बल्कि कर्ज का बड़ा जरिया भी बना दिया है। पिछले एक साल में राजस्थान में गोल्ड लोन का बाजार तेजी से बढ़कर 60-65 हजार करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। मार्च 2026 तक बैंकों और वित्तीय संस्थानों के गोल्ड लोन वितरण में 79 फीसदी उछाल दर्ज किया गया है। ट्रांस यूनियन सिबिल की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य में प्रति लोन औसत टिकट साइज बढ़कर 1.9 लाख रुपए हो गया है। गोल्ड लोन वृद्धि के मामले में राजस्थान उत्तर भारत में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश 96% वृद्धि के साथ पहले और मध्य प्रदेश 80% के साथ दूसरे नंबर पर है। राज्य में कुल गोल्ड लोन में करीब 82 फीसदी हिस्सा बैंकों का है, जबकि 18 फीसदी एनबीएफसी और गोल्ड लोन कंपनियों का है। रेटिंग एजेंसी इक्रा ने मार्च 2026 तक देश में कुल गोल्ड लोन वितरण 15 लाख करोड़ रुपए तक पहुंचने का अनुमान जताया है। सिबिल की रिपोर्ट के अनुसार, गोल्ड लोन की औसत राशि मार्च-23 की तुलना में 1.8 गुना बढ़ी है। इससे अब रिटेल लोन के कुल बाजार में गोल्ड होम लोन के बाद यह दूसरा सबसे बड़ा लोन सेगमेंट बन गया है। यह क्षेत्र अब केवल दक्षिण भारत तक सीमित नहीं है। उत्तर भारत में भी गोल्ड लोन की मांग तेजी से बढ़ी है। पहली बार लोन लेने वाले ग्राहकों की संख्या में 7% का इजाफा हुआ है। एक्सप्लेनर - बढ़ोतरी इसलिए... 2-3 घंटे में ही लोन, सिर्फ KYC से काम विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले एक साल में सोना करीब 55 फीसदी महंगा होने से इसके बदले मिलने वाली लोन राशि भी बढ़ गई है। गोल्ड लोन के लिए केवल केवाईसी जरूरी है और 2-3 घंटे में लोन मिल जाता है। ब्याज दर 8.5 से 10.5 फीसदी के बीच होने से यह अल्पकालिक जरूरतों के लिए आसान विकल्प बन गया है। बैंकों के लिए भी यह सुरक्षित लोन है, इसलिए इसकी हिस्सेदारी तेजी से बढ़ रही है। पहले गोल्ड लोन का बड़ा बाजार दक्षिण भारत था, लेकिन अब उत्तर भारत में तेजी से विस्तार हो रहा है। जयपुर गोल्ड लोन में अव्वल; रिटर्न ब्याज से ज्यादा होने से ट्रेंड बदला “सबसे ज्यादा गोल्ड लोन जयपुर में दिया गया है। बैंक और एनबीएफसी का बड़ा नेटवर्क होने से यहां वितरण अधिक है। बांसवाड़ा, दौसा, भिवाड़ी, भीलवाड़ा और शेखावाटी क्षेत्र में भी तेजी देखी गई है। लोगों का गहनों से भावनात्मक जुड़ाव होने के कारण वे उन्हें बेचने के बजाय गिरवी रखकर लोन लेना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। सोने की कीमतों से मिलने वाला रिटर्न ब्याज दर से अधिक होने के कारण गोल्ड लोन लोगों के लिए फायदे का सौदा बन रहा है।” -भास्कर एक्सपर्ट - संजय जोशीज्वैलरी एक्सपर्ट