टोंक में ग्राम रथ अभियान का मंगलवार को जिला स्तर पर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर, निवाई-पीपलू विधायक रामसहाय वर्मा, जिला कलेक्टर टीना डाबी, जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर से ग्राम रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। समस्या का मौके पर होगा निवारण देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर ने कहा कि ग्राम रथ अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की कृषि, पशुपालन एवं ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके साथ ही, आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित यह अभियान समृद्ध किसान खुशहाल राजस्थान के विजन को साकार करने की दिशा में प्रभावी माध्यम बनेगा। 13 विभाग की योजनाएं निवाई-पीपलू विधायक रामसहाय वर्मा ने कहा- यह अभियान आगामी 15 दिन तक ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार के 13 विभागों के योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे गांव-गांव जाकर आमजन से सीधा संवाद स्थापित करें और पूर्ण संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करें। जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना और लाभ पहुंचाना है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत में रथ के पहुंचने पर अधिकाधिक लोग शामिल हो, योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और अपनी पात्रता के अनुसार लाभ प्राप्त करें। सुझाव पेटिका से मिलेगा फीड बैक ग्राम रथों में सुझाव पेटिका की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से ग्रामीणों के सुझाव एकत्रित कर राज्य सरकार तक पहुंचाए जाएंगे। जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में और सुधार किया जा सकें। साथ ही इस दौरान ग्रामीणों की समस्याओं की सुनवाई भी होगी। कला जत्था भी रहेगा साथ अभियान के दौरान स्थानीय कलाकारों के कला जत्थों द्वारा संध्या चौपाल के माध्यम से राजस्थानी संस्कृति के कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। अभियान के दौरान लोक कलाकारों द्वारा फील्ड में प्रस्तुति दी जायेगी साथ ही ग्राम रथों में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सरकार की योजनाओं के बारे में बताया जाएगा। इस अवसर पर एडीएम रामरतन सौंकरिया, सीईओ परशुराम धानका, एसीईओ ललित कुमार, पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन, प्रभु बाडोलिया, समाजसेवी ओम प्रकाश गुप्ता समेत अन्य जन प्रतिनिधि, कार्मिक एवं आमजन मौजूद रहें।