गुढ़ाचन्द्रजी के धार्मिक स्थल पचमेड़ी धाम मंदिर परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम संत मुनीश्वरदास महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ, जिसमें उनके शिष्यों और श्रद्धालुओं ने मिलकर 51 पौधे लगाए। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण का संदेश देना था। इस अभियान में आंवला, अशोक, शमी, बेलपत्र सहित कई प्रकार के फूलदार और छायादार पौधे रोपे गए। श्रद्धालुओं ने इन पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर संत मुनीश्वरदास महाराज ने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि मानव जीवन में सकारात्मक ऊर्जा भी लाते हैं। उन्होंने वर्तमान में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। संत ने आगे कहा कि धार्मिक स्थलों पर पौधारोपण से श्रद्धालुओं में प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने बताया कि यदि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव लाया जा सकता है। इस कार्यक्रम में योगेन्द्र शर्मा, कपिल सैन, सीताराम सिसोदिया और रतन सैनी सहित कई श्रद्धालु और शिष्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।