जोधपुर में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में गुरुवार को नए हॉल का शुभारंभ हुआ। पंज प्यारों की अगुवाई में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज का नए हॉल में प्रकाशमान किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश पुष्पेंद्र सिंह भाटी, अरुण मोंगा और बलजिंदर सिंह संधू ने भी शिरकत की। सुबह पंज प्यारो के नेतृत्व में कीर्तन और फूल वर्षा के बीच गुरु ग्रंथ साहिब जी की सवारी नए हॉल में प्रवेश कर सुशोभित हुई। संगत ने 'जो बोले सो निहाल' के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना दिया। सुबह विशेष कीर्तन दीवान सजाया गया। इसमें स्त्री सत्संग और रागी जत्थों ने गुरबाणी गाई। इसके बाद अखंड पाठ साहिब की शुरुआत हुई। बाद में गुरु का अटूट लंगर बरताया गया। इसमें संगत ने बिना भेदभाव के प्रसाद ग्रहण किया। ये भी रहे मौजूद कार्यक्रम में मारवाड़ के पूर्व राज परिवार के गजसिंह मुख्य अतिथि रहे। साथ ही हेमलता राजे भी उपस्थित रहीं। संत-महात्माओं में सैनाचार्य अचलानंद गिर, पंजाब केसरी जयानंद सुरेश्वर, जय कीर्ति विजय महाराज और रामस्नेही संत हरिराम शास्त्री शामिल हुए। इसके अलावा भामाशाह अनिल भावनानी, सुनील तलवार, विक्रमजीत सिंह बक्शी, गोपी जनवानी, संजीव सचदेवा, कुश गहलोत, सिख समाज के चेयरमैन सरदार जगदेव सिंह खालसा, हरजीत सिंह भूटानी, मनजीत सिंह छाबड़ा, गुरमुख सिंह छाबड़ा, गुरचरण सिंह बग्गा, हरदीप सिंह सलूजा, प्रतिपाल सिंह वालेचा भी शामिल हुए।