हनुमानगढ़ में नारी शक्ति वंदन बिल को लेकर गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय में पार्टी नेताओं ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और विधेयक पारित नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। अनूपगढ़ की पूर्व विधायक शिमला बावरी और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि महिला आरक्षण से जुड़े इस महत्वपूर्ण विधेयक पर कांग्रेस का रवैया निराशाजनक रहा, जिससे महिलाओं के अधिकारों को नुकसान पहुंचा है। इस दौरान पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि देश की महिलाएं लंबे समय से राजनीति में उचित प्रतिनिधित्व की मांग कर रही हैं, लेकिन कांग्रेस ने हमेशा इस विषय पर राजनीति की। उन्होंने कहा कि संसद में बिल पारित न हो पाने के पीछे कांग्रेस की नकारात्मक भूमिका रही है। 'कांग्रेस ने केवल बयानबाजी की' भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि भाजपा हमेशा से महिलाओं को सशक्त बनाने के पक्ष में रही है। उन्होंने जोर दिया कि यदि नारी शक्ति वंदन बिल पारित होता तो लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलता, जिससे उनकी भागीदारी में बड़ा बदलाव आता। डेलू ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने इस दिशा में ठोस पहल करने के बजाय केवल बयानबाजी की है। जनजागरण अभियान चलाएगी भाजपा भाजपा नेताओं ने सामूहिक रूप से कहा कि महिलाओं को अधिकार देने के मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि इस विधेयक को जल्द से जल्द पारित कर महिलाओं को उनका हक दिया जाए। पार्टी ने यह भी घोषणा की कि वह इस मुद्दे को लेकर जनजागरण अभियान चलाएगी। भाजपा नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से लोकतंत्र मजबूत होगा और नीति निर्माण में संतुलन आएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में महिला आरक्षण को लेकर सकारात्मक निर्णय होगा। इस अवसर पर भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।