हनुमानगढ़ के पल्लू स्थित ब्रह्माणी माता मंदिर में दर्शन के दौरान एक महिला के गले से सोने की चेन चोरी हो गई। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नोहर निवासी राहुल सोनी ने पल्लू थाने में यह रिपोर्ट दर्ज कराई है। राहुल सोनी ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे वह अपनी मां और पत्नी के साथ मंदिर में दर्शन करने गए थे। गर्भगृह में भीड़ के दौरान उनकी मां के गले से सोने की चेन चुरा ली गई। शिकायत के अनुसार चोरी हुई चेन का वजन लगभग 20 ग्राम था, जिसकी अनुमानित कीमत 2.60 लाख रुपए बताई गई है। CCTV फुटेज में वारदात कैद, आरोपियों की पहचान की कोशिश घटना की सूचना मिलने पर पल्लू थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। जांच का जिम्मा एएसआई हेमराज को सौंपा गया है। पुलिस मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिसमें चोरी की घटना रिकॉर्ड हुई है। इसके आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले भी हनुमानगढ़ स्थित मां भद्रकाली मंदिर में मेले के दौरान चोरी के ऐसे मामले सामने आ चुके हैं।