हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की। पुलिस ने 109 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपए आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरदेव सिंह उर्फ बब्बू (25) निवासी अमरपुरा थेड़ी, हाल निवासी नई खुंजा, हनुमानगढ़ जंक्शन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार एसआई गुरदेव सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इस दौरान अबोहर रोड स्थित संविधान पार्क ग्रेफ चौक के निकट एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, तो उसके कब्जे से अवैध हेरोइन बरामद हुई। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच एसआई गजेंद्र शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से हेरोइन की खरीद-फरोख्त और उसके संपर्कों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।