हनुमानगढ़ पुलिस ने अपराधियों और नशा तस्करों पर नकेल कसने के लिए बड़े पैमाने पर 'एरिया डोमिनेशन' अभियान चलाया। गुरुवार देर शाम तक चले इस अभियान में जिलेभर के 255 स्थानों पर दबिश दी गई, जिसमें 123 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्यवाहक एसपी अरविंद ने बताया कि यह एक दिवसीय विशेष अभियान नशा तस्करी रोकने, वांछित अपराधियों को पकड़ने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया गया था। इसमें 240 पुलिसकर्मियों की 54 टीमों ने सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ अपराधियों के संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की। हेरोइन के साथ आरोपी को दबोचा अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट में एक मामला दर्ज कर 38 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आबकारी अधिनियम के तहत 8 मामले दर्ज कर 6 आरोपियों को पकड़ा गया। यह कार्रवाई फेफाना, हनुमानगढ़ जंक्शन, सदर हनुमानगढ़, टिब्बी, रावतसर, पीलीबंगा और गोलूवाला थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से की। इसके अलावा अन्य अधिनियमों के तहत 4 मामले दर्ज कर 4 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। एक हिस्ट्रीशीटर भी पकड़ा विशेष अभियान में 6 जघन्य अपराधों में वांछित, आठ सामान्य मामलों के फरार आरोपी, एक इनामी बदमाश और एक हिस्ट्रीशीटर को भी पकड़ा गया। साथ ही, 22 स्थायी वारंटियों और गिरफ्तारी वारंटियों को भी दबोचा गया। इसके अलावा 74 असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की गई।