हनुमानगढ़ पुलिस ने जिले में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। भादरा और नोहर थाना पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें हेरोइन तस्करी के दो मुख्य सप्लायर भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से कुल 23.11 ग्राम हेरोइन बरामद की है। भादरा थाना पुलिस ने गश्त के दौरान हितेंद्र शर्मा (25) निवासी वार्ड 38, भादरा को गिरफ्तार किया। उसके पास से 6.71 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) जब्त की गई। आरोपी से पूछताछ जारी है। नोहर क्षेत्र में नहरी पानी सुरक्षा एवं चोरी निरोधक थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की। पहले मामले में 3.40 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़े गए आरोपी से जुड़े मुख्य सप्लायर मनोज कुमार निवासी नोहर को गिरफ्तार किया गया। दूसरे मामले में, 13 ग्राम हेरोइन बरामदगी के एक पुराने प्रकरण में वांछित मुख्य सप्लायर मुकेश कुमार निवासी कुकड़ावाली, फतेहाबाद (हरियाणा) को भी पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, इन दोनों मामलों में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका था। उनसे पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस मुख्य सप्लायरों तक पहुंचने में सफल रही। इस कार्रवाई में संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।