हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने अवैध हथियारों और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 5 हजार रुपए के इनामी हिस्ट्रीशीटर नरेश भादू (27) को अवैध देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी मिर्जेवाली मेर तलवाड़ा थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस चौकी लखूवाली प्रभारी किशोर मान अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान रणजीतपुरा से मोहणमगरीया मार्ग पर बाइक पर जा रहे नरेश कुमार भादू को संदिग्ध अवस्था में रोककर तलाशी ली गई। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर देसी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने उसकी बाइक भी जब्त कर ली। आरोपी को गिरफ्तार कर हनुमानगढ़ टाउन थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच एएसआई राजाराम को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार नरेश भादू तलवाड़ा थाना का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट, शराब तस्करी तथा एससी-एसटी एक्ट सहित 13 संगीन मामले दर्ज हैं। वह हत्या के प्रयास और संगठित अपराध से जुड़े एक प्रकरण में भी लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर जिला पुलिस की ओर से 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। इस कार्रवाई में एएसआई किशोर मान, जसवंत सिंह और कांस्टेबल रामनारायण की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों, हिस्ट्रीशीटरों और फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।