हनुमानगढ़ जिले के टाउन थाना क्षेत्र के ग्राम अमरपुरा थेड़ी में सोमवार को रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। पुलिस और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से विशेष अभियान के तहत यह आयोजन हुआ। इस चौपाल में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने नशे के खिलाफ जागरूकता, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा, सीएलजी सदस्य और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। रात्रि चौपाल के दौरान पुलिस टीम ने नशे को समाज और परिवारों के लिए एक बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उपस्थित ग्रामीणों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया और नशे के खिलाफ पुलिस के अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की गई। ग्रामीणों से सजग रहने की अपील की पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि क्षेत्र में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, तस्करी या किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना सीधे जिला पुलिस अधीक्षक के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 87645-31201 पर दें। पुलिस ने आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और प्राप्त जानकारी पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। चौपाल में महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कानूनों और हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में भी बताया गया। महिलाओं और बालिकाओं को आपातकालीन स्थिति में 112 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की घटना होने पर बिना किसी झिझक के पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई। साइबर क्राइम के प्रति भी किया सतर्क पुलिस ने साइबर अपराधों के प्रति लोगों को सतर्क किया। उन्होंने ग्रामीणों को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करने की सलाह दी। ऑनलाइन ठगी की आशंका होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने के लिए कहा गया। यातायात सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और नाबालिगों को वाहन न चलाने देने की समझाइश दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करके कई दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।