हनुमानगढ़ जिले में 'सेफ सिटी अभियान' को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य शनिवार को स्वयं बाइक पर सवार होकर नशा प्रभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई और सेफ सिटी टीम के साथ पार्कों, खंडहरों व सुनसान स्थानों पर औचक तलाशी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जबकि शांतिभंग की आशंका के चलते कुछ लोगों को राउंडअप कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। 25 जुलाई से शुरू हुआ अभियान जिला पुलिस ने 25 जुलाई से 'सेफ सिटी अभियान' की शुरुआत की है। पहले चरण में जिला मुख्यालय पर प्रतिदिन 10 बाइकों पर 20 पुलिसकर्मियों की टीमें रोटेशन प्रणाली के तहत अलग-अलग पारियों में गश्त कर रही हैं। इन टीमों को उन स्थानों पर तैनात किया गया है, जहां नशे के आदी लोग खंडहरों, सुनसान जगहों, सार्वजनिक पार्कों और अन्य निर्जन क्षेत्रों को नशा करने के अड्डे के रूप में इस्तेमाल करते हैं। हॉटस्पॉट क्षेत्रों में औचक दबिश व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर मिली सूचनाओं के आधार पर चिन्हित नशा प्रभावित क्षेत्रों में शनिवार को सेफ सिटी टीम ने खुंजा हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के पार्कों, सुनसान खंडहरों और अन्य स्थानों पर दबिश दी। पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी गई और पुलिस की सक्रिय मौजूदगी दर्ज कराई गई। कार्रवाई के साथ भरोसा बढ़ाने पर भी फोकस पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ऐसे स्थानों पर लगातार पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित कर नशेड़ी प्रवृत्ति के लोगों में कानून का भय पैदा करना और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। हेल्पलाइन से मिल रहीं अहम सूचनाएं पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि जिला पुलिस की व्हाट्सएप हेल्पलाइन 8764531201 पर लगातार सूचनाएं मिल रही हैं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर कई नशा प्रभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान की गई है। स्थानीय लोगों ने ऐसे स्थानों की जानकारी दी थी, जहां नशेड़ियों की आवाजाही से आसपास के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा था। एसपी की अपील एसपी बी. आदित्य ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के स्वयं मैदान में उतरकर अभियान का नेतृत्व करने से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है और आमजन का पुलिस पर विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना व्हाट्सएप हेल्पलाइन 8764531201 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन की साझेदारी से हनुमानगढ़ को नशामुक्त, अपराधमुक्त और सुरक्षित जिला बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।