हनुमानगढ़ में नए एसपी बी. आदित्य ने कार्यभार संभालने के बाद शनिवार शाम शहर की सड़कों पर फ्लैग मार्च निकाला। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ हनुमानगढ़ जंक्शन क्षेत्र में यातायात, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। एसपी ने प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। फ्लैग मार्च की शुरुआत भगत सिंह चौक से हुई, जो राजीव चौक, बस स्टैंड और सम्राट होटल होते हुए वापस भगत सिंह चौक पर समाप्त हुआ। इसके बाद एसपी ने रेलवे स्टेशन परिसर का भी भ्रमण किया। आमजन का सहयोग बहुत जरूरी निरीक्षण के दौरान एसपी बी. आदित्य ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के सहयोग से ही सुरक्षित और अपराधमुक्त वातावरण बनाया जा सकता है। इस फ्लैग मार्च में एएसपी अरविंद, सीओ सिटी मीनाक्षी, हनुमानगढ़ जंक्शन थानाधिकारी रामचंद्र कस्वा, टाउन थानाधिकारी लखवीर सिंह, सदर थानाधिकारी राजीव रोयल, साइबर थाना प्रभारी जगदीश कड़वासरा, महिला थाना प्रभारी चंद्रकला, यातायात प्रभारी अनिल चिंदा और पुलिस चौकी सुरेशिया प्रभारी सुशील कुमार सहित विभिन्न थानों और इकाइयों का पुलिस जाब्ता शामिल रहा। रात तक चली पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से बाजारों में सुरक्षा का संदेश भी गया।