हनुमानगढ़ में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। शहर में हिंसक हमलों की घटनाओं में वृद्धि के कारण आमजन में भय का माहौल है। इस समस्या के समाधान के लिए राष्ट्रीय युवक परिषद ने गुरुवार को नगर परिषद प्रशासक एवं एडीएम को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने बताया कि शहर के कई इलाकों में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ी है। सूरतगढ़ रोड स्थित गवर्नमेंट उच्च माध्यमिक स्कूल के आसपास की गलियों, गांधीनगर के नगीना मार्ग, चूना फाटक, क्राउन सिटी कॉलोनी, झूलेलाल मंदिर क्षेत्र, हाउसिंग बोर्ड के पार्क, सुरेशिया और सेक्टर नंबर 6 सहित कई स्थानों पर कुत्तों के झुंड सक्रिय हैं। ये कुत्ते राह चलते लोगों और वाहनों के पीछे दौड़ते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। हाल के दिनों में कुत्तों के हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं। 5 फरवरी की रात सूरतगढ़ रोड पर एक व्यक्ति और उसके बच्चे पर कुत्तों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। इसी तरह, परिषद के संयुक्त सचिव रोहित शर्मा के भतीजे अभिजीत शर्मा को भी सुबह टहलते समय कुत्तों ने काट लिया था। इन घटनाओं के बाद से शहरवासियों में दहशत का माहौल है। परिषद सदस्यों का कहना है कि इस समस्या को लेकर प्रशासन को पहले भी अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लगातार बढ़ती घटनाओं से लोगों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। परिषद ने प्रशासन से विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने, उनका उपचार कराने और उनकी संख्या नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपते समय दुर्गा प्रसाद शर्मा, रामलाल कांवलिया, दयाल सिंह, रमेश शर्मा, देवेन्द्र और विपिन शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।