हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस ने सूने घर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप सिंह उर्फ सुखदीप सिंह उर्फ सीलू (39) निवासी वार्ड नंबर 20, आनंद विहार आईटीआई कॉलोनी, हनुमानगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार यह मामला 26 मार्च को हाउसिंग बोर्ड निवासी सद्दाम हुसैन द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट से संबंधित है। सद्दाम हुसैन ने बताया था कि वह ईद पर परिवार सहित बाहर गए हुए थे। 25 मार्च की रात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी से सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पायल, बिछिया और चेन सहित चोरी किए गए जेवर बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी संदीप सिंह शातिर किस्म का अपराधी है और उससे अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में एएसआई निक्कूराम, एएसआई पलटूदास और हेड कॉन्स्टेबल विनोद सहित पुलिस टीम शामिल रही।