हनुमानगढ़ में 21 जुलाई से मानसून के फिर से सक्रिय होने की संभावना है। इससे जिले को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में लोग लगातार गर्मी और उमस से परेशान हैं। जिले में रविवार को भी गर्मी और उमस से लोगों को कोई राहत नहीं मिली। मानसून की धीमी गति के कारण दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं है, जिससे 24 घंटे गर्मी का एहसास हो रहा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जिसमें केवल 11 डिग्री का अंतर रहा। 2 दिन बाद राहत के आसार मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार 21 जुलाई से जिले में मानसून सक्रिय होने की संभावना है। इस दिन गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। 21 जुलाई को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके बाद 22 से 25 जुलाई तक भी बिजली गर्जन के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस अवधि में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री और न्यूनतम 24 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 21 जुलाई के बाद मानसूनी गतिविधियां तेज होने से तापमान में गिरावट आएगी और उमस से राहत मिलेगी। हालांकि, बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।