हनुमानगढ़ में आरपीएससी की वरिष्ठ अध्यापक परीक्षा-2026 के दौरान महिला शिक्षिकाओं की वीक्षक ड्यूटी में राहत की मांग उठी है। मंगलवार को जंक्शन स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की महिला व्याख्याताओं ने एडीएम एवं परीक्षा समन्वयक उम्मेदीलाल मीणा को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने दो पारियों के स्थान पर केवल एक पारी में वीक्षक ड्यूटी लगाने की मांग की। महिला व्याख्याताओं की ओर से कान्ता ने बताया कि उनके विद्यालय को अक्सर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए केंद्र बनाया जाता है। ऐसे में शिक्षकों को लगातार दोनों पारियों में वीक्षक ड्यूटी करनी पड़ती है। इससे उन्हें लगभग 12 घंटे तक परीक्षा केंद्र पर रहना पड़ता है, जिससे शारीरिक और मानसिक थकान होती है और स्वास्थ्य पर भी असर पड़ता है। घर और परिवार की जिम्मेदारियां भी निभानी है उन्होंने यह भी बताया कि महिला शिक्षिकाओं को विद्यालयी कार्यों के साथ-साथ घर और परिवार की जिम्मेदारियां भी निभानी होती हैं। लगातार दो पारियों की ड्यूटी से उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं के कारण रविवार और अन्य सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी ड्यूटी करनी पड़ती है, जिससे उन्हें परिवार के साथ समय बिताने का अवसर नहीं मिल पाता। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि आरपीएससी की वरिष्ठ अध्यापक परीक्षा-2026 का आयोजन 12 जुलाई से 17 जुलाई तक प्रतिदिन 2 पारियों में प्रस्तावित है। महिला व्याख्याताओं ने अपनी पारिवारिक परिस्थितियों और स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए केवल एक पारी में वीक्षक ड्यूटी देने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे परीक्षा कार्य भी प्रभावित नहीं होगा और शिक्षिकाओं को भी आवश्यक राहत मिल सकेगी।