पाली | 47 साल का अधेड़ फैक्ट्री जाने के लिए घर से निकला, लेकिन शाम तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने तलाश की तो मजदूर का शव घर से 8 किलोमीटर दूर सड़क किनारे एक पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शनिवार को शव परिजनों को सौंप दिया। गुड़ा एंदला थाने के एएसआई सुखराम ने बताया कि पाली के केशव नगर निवासी भीमाराम का शव शुक्रवार की शाम मंडिया-गुरलाई-काणतरा रोड पर पेड़ से लटका मिला था। परिजनों का कहना है कि भीमाराम सुबह घर से फैक्ट्री जाने के लिए निकला था। शुक्रवार को देर शाम तक नहीं लौटा था। शनिवार को परिजनों ने पुलिस को बताया कि भीमाराम ने किसी से कुछ रुपए उधार लिए हुए थे। उधार देने वाला उन पर लगातार पैसे वापस करने का दबाव बना रहा था। हो सकता है इसी दबाव में उन्होंने आत्महत्या की हो। परिजनों को नहीं मालूम कि भीमाराम ने किससे और कितना रुपया उधार लिया हुआ था। मोर्चरी से पिता का शव ले जाते हुए उनके 24 साल के बेटे की आंखों से आंसू नहीं थम रहे थे। भीमा के 20 साल की बेटी भी है।