पाली में मंगलवार को हाईवे पर बागावास के बाद हादसा हो गया। पैदल जा रहे ट्रक ड्राइवर को ट्रेलर ने कुचल दिया। इसके बाद ट्रेलर बेकाबू होकर डिवाइडर क्रॉस कर दूसरी लेन में जाकर सामने से आ रहे दूध के टैंकर से टकरा गया। हादसे में ट्रेलर ड्राइवर भी घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। हादसे के चलते लम्बा जाम लग गया। मौके पर पहुंची सोजत पुलिस और एलएण्डटी की टीम ने वाहनों को सड़क किनारे करवा यातायात सुचारू कराया। ट्रक पंचर होने पर पैदल जा रहा था ड्राइवर सोजत सिटी थाने के हेड कांस्टेबल रमेश जाजड़ा ने बताया- हादसे में बाड़मेर के सिंदरली क्षेत्र निवासी ट्रक ड्राइवर तेजाराम (35) की मौत गई। उसकी बॉडी सोजत हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाकर उसके परिजनों को हादसे की सूचना दी है। जान गंवाने वाले ड्राइवर का ट्रक पंचर हो गया था। ऐसे में ट्रक को सड़क किनारे खड़ाकर वह पैदल पंचर वाले के पास जा रहा था। इस दौरान यह हादसा हो गया। दूसरी लेन में जाकर दूध के टैंकर से टकराया ट्रक ड्राइवर को कुचलने के बाद ट्रेलर असंतुलित होकर डिवाइडर क्रॉस कर दूसरी लेन में चला गया और सामने से आ रहे दूध के टैंकर से टकरा गया। हादसे में ट्रेलर ड्राइवर जहापुरा भीलवाड़ा निवासी 28 साल के ब्रज प्रकाश पुत्र सोकचंद भी घायल हो गया। जिसका पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में इलाज जारी है।