हिमाचल प्रदेश में चार दिन बाद मानसून फिर सक्रिय होगा। मौसम विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन जारी कर 27 से 29 जुलाई से तक कुछेक भागों में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिला को दी गई है। राज्य के कई भागों में आज भी सुबह से ही रुक-रुक कर हल्की बारिश हो रही है। IMD ने ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी जिला में गुरुवार के लिए यलो अलर्ट दे रखा है। कल यानी 24 जुलाई के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला तथा 25 जुलाई को कुल्लू, मंडी और शिमला में यलो अलर्ट दिया गया है। अन्य किसी भी जिला में कोई अलर्ट नहीं है। मानसून सीजन में नॉर्मल से 10% कम बारिश इस मानसून सीजन में अब तक राज्य में सामान्य से 10 प्रतिशत कम बारिश हुई है। 1 जून से 22 जुलाई के बीच प्रदेश में सामान्य तौर पर 285.2 मिलीमीटर वर्षा होती है, जबकि इस वर्ष अब तक केवल 255.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो हमीरपुर में सामान्य की तुलना में 41 प्रतिशत कम, मंडी में 31 प्रतिशत, बिलासपुर में 9 प्रतिशत, चंबा में 4 प्रतिशत, कांगड़ा में 20 प्रतिशत और सिरमौर में नॉर्मल से 1 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है। वहीं किन्नौर में सामान्य की तुलना में इस बार 29 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। चंबा का पारा नॉर्मल से 10.5 डिग्री नीचे गिरा प्रदेश में चार दिन से हो रही बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री नीचे गिर गया है। चंबा का पारा सामान्य से 10.5 डिग्री गिरने के बाद 23.2 डिग्री सेल्सियस रह गया है। कांगड़ा का पारा सामान्य से 6.2 डिग्री कम होने के बाद 26.8 डिग्री, हमीरपुर का 4.4 डिग्री कम होने के बाद 28 डिग्री, मंडी का 3.1 लुढ़कने के बाद 28.2 डिग्री, केलांग का 6 डिग्री कम होने के बाद 19 डिग्री, मनाली का 3.5 डिग्री कम होने के बाद 21.8 डिग्री सेल्सियस रह गया है।