हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति जिला के जहालमा नाले में आज दोपहर बाद फ्लैश फ्लड आ गया। इससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बाढ़ के बाद पानी जोबरंग पुल के ऊपर से बहने लगा। बताया जा रहा है कि लाहौल स्पीति के ऊंचे पहाड़ों पर बर्फ के तेजी से पिघलने के बाद अचानक नाले में वाटर लेवल बढ़ा। इसके बाद सड़क अवरुद्ध हो गई और क्षेत्र की 12 से ज्यादा पंचायतों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया। वहीं राज्य के अन्य भागों में आज हल्की बारिश हुई। मंडी के मुरारी देवी में 6 मिमी, घाघस में 5 मिमी,सलापड़ में 5 मिमी, हमीरपुर 4 मिमी, शिलारू 3 मिमी, सुंदरनगर 3 मिमी, बिलासपुर 3, गोहर 2 मिमी, सोलन 2 मिमी, देहरा गोपीपुर 2 मिमी, नादौन 2 मिमी, शिमला व नाहन में 1 मिमी बारिश हुई। भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने मानसून की एंट्री से पहले राज्य में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दो व तीन जुलाई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बारिश के बाद मौसम सुहावना राज्य में रुक-रुक कर रही बारिश के बाद पहाड़ों पर मौसम सुहावना बना हुआ है। इससे देशभर से पहाड़ों पर पहुंच रहे टूरिस्ट सुहावने मौसम का आनंद उठा रहे हैं। हालांकि मैदानी इलाकों में उमस भरी गर्म है। 5 दिन बाद पहुंच सकता है मानसून हिमाचल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने का इंतजार बढ़ता जा रहा है। मानसून तय समय से करीब एक सप्ताह पीछे चल रहा है। अभी तक मौसम विभाग ने प्रदेश में मानसून पहुंचने की कोई संभावित तारीख घोषित नहीं की है, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो अगले पांच से छह दिन में मानसून राज्य के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर सकता है। अभी इन जगह अटका है मानसून IMD के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून इस समय अरब सागर के कुछ हिस्सों से लेकर गुजरात के सूरत, मध्य प्रदेश के इंदौर, झारखंड के डाल्टनगंज, बिहार के मोतीहारी और नेपाल सीमा तक पहुंच चुका है। इसके आगे बढ़ने की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है। देश में दो जुलाई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से मानसून के अगले दो-तीन दिनों में आगे बढ़ने की संभावना है। यदि मानसून सामान्य गति से आगे बढ़ा तो अगले चार-पांच दिन में हिमाचल में इसकी एंट्री हो सकती है।