भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा आपके घर में रोज क्या पकता है? रोटियां एलपीजी पर बनती हैं या किसी और ईंधन पर? आप इंटरनेट मोबाइल पर चलाते हैं या लैपटॉप पर? रेडियो सुनते हैं या नहीं? घर में कितने शादीशुदा जोड़े रहते हैं, कुल कितने कमरे हैं। जनगणना 2027 में ऐसे ही 33 रोचक सवालों के जरिए हर घर की पूरी तस्वीर तैयार की जाएगी। शहर में जनगणना के पहले चरण की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। 1 से 15 मई तक जनगणनाकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। 15 मई से 30 जून तक मकानों का सूचीकरण व नंबरीकरण होगा। नगर निगम क्षेत्र में 750 ब्लॉक बनाए हैं, जहां प्रत्येक ब्लॉक में एक प्रगणक नियुक्त होगा। हर प्रगणक को 150 से 180 मकानों, यानी करीब 800 लोगों की जिम्मेदारी दी जाएगी। सीएमएमएस पोर्टल के जरिए ब्लॉक आवंटन कर पूरी प्रक्रिया डिजिटल बनाई जाएगी। इस बार पूछे जाने वाले सवाल केवल जनसंख्या तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि जीवनशैली और सुविधाओं पर भी फोकस करेंगे। रसोई से जुड़े सवालों में पूछा जाएगा कि घर में मुख्य अनाज चावल, गेहूं, ज्वार, बाजरा या मक्का कौन सा है और खाना बनाने के लिए एलपीजी, पीएनजी या अन्य ईंधन का उपयोग होता है। मकान की छत, दीवार और फर्श में इस्तेमाल सामग्री की जानकारी भी दर्ज होगी। डिजिटल दौर को देखते हुए इंटरनेट उपयोग, टीवी कनेक्शन (फ्री डिश, केबल या डीटीएच) और रेडियो सुनने के तरीके जैसे सवाल भी शामिल हैं। इस तरह जनगणना 2027 हर घर की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का विस्तृत डेटा तैयार करेगी। 1 मई से ट्रेनिंग, पहला चरण 15 से ^जनगणना के पहले चरण की तैयारियां शुरू हो गई। 1 मई से ट्रेनिंग शुरू की जाएगी। जनगणना का पहला चरण 15 मई से शुरू होगा। इसके लिए प्रगणकों की नियुक्ति हो चुकी है। जल्द प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा। मास्टर ट्रेनर 11 फिल्ड ट्रेनर को प्रशिक्षण देंगे। प्रत्येक फील्ड ट्रेनर 40-40 प्रगणकों के बैच को प्रशिक्षण देंगे। -हेमाराम चौधरी, आयुक्त व नगर जनगणना अधिकारी