भास्कर न्यूज | नागौर जिले में उमस के बीच गर्मी का तीखा असर लगातार जारी है। बुधवार को दिनभर लोग उमस से बेहाल नजर आए। इस दौरान दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मंगलवार, बुधवार की मध्यरात्रि का न्यूनतम पारा भी 29.8 डिग्री रहा। हालांकि, बुधवार को दिनभर मौसम साफ रहा, लेकिन रात होते-होते आसमान में हल्के बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, आगामी 2 से 3 दिनों में बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाएं सक्रिय होने जा रही हैं। नागौर सहित पश्चिमी राजस्थान के जिलों में 3 और 4 जुलाई से आंधी-बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, नागौर में विशेषकर 4 और 5 जुलाई को कुछ स्थानों पर अच्छी बारिश हो सकती है। यह दौर आगामी दिनों में भी जारी रह सकता है। जिससे आमजन को इस तपन और उमस से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। राधेश्याम शर्मा, निदेशक मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर