आईजी क्राइम परम ज्योति ने अपने 2 दिवसीय करौली दौरे के दौरान पुलिस अधिकारियों को क्राइम कंट्रोल और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने बेहतर पुलिसिंग, फरियादियों को शीघ्र राहत और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। करौली पहुंचने पर आईजी परम ज्योति सबसे पहले पुलिस लाइन गईं। यहां उन्हें पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। उन्होंने पुलिस परेड का निरीक्षण किया और अपराध नियंत्रण तथा नाकाबंदी के डेमो का मुआयना किया। इसके बाद उन्होंने संपर्क सभा में भाग लिया, जहां पुलिसकर्मियों ने अपनी समस्याएं बताईं। पुलिस अधिकारियों की ली बैठक इस दौरान आईजी ने एसपी कार्यालय में जिले के पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। इस बैठक में एसपी लोकेश सोनवाल, एएसपी, सभी डीएसपी और थानाधिकारी मौजूद रहे। आईजी ने अपराध नियंत्रण की समीक्षा की और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। पेंडेंसी खत्म करने पर दिया जोर आईजी ने विशेष रूप से सदर थाना करौली में वाहनों से संबंधित लंबित मामलों को जल्द खत्म करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण के लिए अच्छा कार्य हो रहा है, लेकिन इसे और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता है। बैठक में पुराने लंबित मामलों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। आईजी ने अधिकारियों से कहा कि आमजन को त्वरित न्याय और राहत मिलनी चाहिए, जिसके लिए सभी स्तरों पर सक्रियता आवश्यक है। उन्होंने भविष्य में जिले में और बेहतर कार्य होने की उम्मीद जताई।