भास्कर न्यूज़ | भीलवाड़ा जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता वीरेंद्र सागर ने मंगलवार को आरडब्ल्यूएसएलआईपी योजना के तहत संचालित नाहर सागर परियोजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को बांध निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं और गुणवत्ता नियंत्रण को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन, अनुबंध की शर्तों और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए तथा गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर समझौता न हो, ताकि आगे चलकर कोई तकनीकी समस्या पैदा न हो। मानसून को ध्यान में रखते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि बांध से संबंधित प्रमुख कार्य बरसात शुरू होने से पहले पूरे कर लिए जाए। उनका कहना था कि बारिश के दौरान आवागमन और जलभराव की संभावित स्थिति को देखते हुए पहले से तैयारी जरूरी है, जिससे आमजन को असुविधा न हो और संरचना भी सुरक्षित बनी रहे। निरीक्षण के दौरान नहर से जुड़े सभी ढांचों को स्वीकृत डिजाइन ड्राइंग के अनुसार बनाने पर भी उन्होंने जोर दिया। अतिरिक्त मुख्य अभियंता ने बांध की गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला का निरीक्षण कर परीक्षण प्रक्रियाओं को मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों की प्रगति का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने, काम शुरू होने से पहले और पूर्ण होने के बाद अनिवार्य रूप से फोटोग्राफ संधारित करने तथा तकनीकी जटिलताओं का समय पर समाधान करने को कहा।