भास्कर न्यूज | भरतपुर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस ने बुधवार से महिला सुरक्षा संकल्प अभियान की शुरुआत की। यह अभियान 1 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक जिलेभर में चलाया जाएगा। अभियान के दौरान महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, कानूनी अधिकारों और जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना ने बताया कि संपर्क सभा में महिला सुरक्षा से संबंधित योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी साझा की गई। अधिकारियों ने महिला बीट अधिकारी योजना, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की कार्यप्रणाली, पॉक्सो एक्ट, साइबर सुरक्षा, शी एंड बॉक्स (She Box), ई-बॉक्स, राजकॉप सिटीजन ऐप तथा महिला एवं बाल हेल्पलाइन के प्रभावी उपयोग पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा, लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम और जेंडर सेंसिटाइजेशन जैसे विषयों पर भी पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार यादव ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता बढ़ाना नहीं, बल्कि थानों और फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों को महिला अपराधों के मामलों में अधिक संवेदनशील और जवाबदेह बनाना भी है, ताकि पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय और सुरक्षा मिल सके।