पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच पहले दिन दो राउंड में करीब 14 घंटे तक सीजफायर वार्ता चली। ईरान सरकार X पर लिखा- पहले दौर को फिलहाल रोक दिया गया है। दोनों देशों की टीमों ने आपस में मसौदे और जरूरी दस्तावेज शेयर किए हैं। ईरान सरकार ने कहा- कुछ मुद्दों पर अभी भी मतभेद बाकी हैं। पाकिस्तान के प्रस्ताव पर दोनों पक्षों ने सहमति दी है कि रविवार को विराम के बाद वार्ता का अगला दौर फिर शुरू होगा। हालांकि CNN की रिपोर्ट के मुताबिक व्हाइट हाउस ने कहा कि बातचीत को 15 घंटे बीत चुके हैं और वार्ता अभी भी जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बैठक में एक्सपर्ट्स ने सुरक्षा, राजनीति, सेना, अर्थव्यवस्था और कानून से जुड़े मुद्दों पर बात की। अमेरिका की तरफ से उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, जबकि ईरान की तरफ से संसद स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने नेतृत्व किया। ईरान ने लेबनान पर तुरंत इजराइली हमले रोकने की मांग की। 47 साल पहले यानी 1979 में ईरान की इस्लामिक क्रांति के बाद ये पहली बार था जब दोनों देश के नेताओं ने इतने बड़े स्तर पर आमने-सामने बातचीत की। इससे पहले ईरान ने कहा था कि अगर इस्लामाबाद में चल रही बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंची, तो सिर्फ इजराइल को दोष नहीं दिया जा सकता। इजराइल और अमेरिका के फैसले जुड़े हैं, इसलिए वार्ता फेल होने पर जिम्मेदारी अमेरिका पर भी होगी। पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स प्लेन में बच्चों की तस्वीरें रखकर पाकिस्तान पहुंचे गालिबाफ गालिबाफ ने इस्लामाबाद पहुंचने के बाद एक्स पर एक फोटो शेयर की। इसमें विमान की सीटों पर चार बच्चों की तस्वीरें रखी हैं, जिनके साथ उनके खून से सने स्कूल बैग और जूते रखे हैं और फूल भी रखा है। ईरानी शहर मिनाब में जंग के पहले ही दिन 28 फरवरी को एक प्राइमरी स्कूल पर हमला हुआ था, जिसमें 168 लोगों की मौत हुई थी। इनमें बच्चे और स्कूल का स्टाफ भी शामिल था। इस हमले का आरोप अमेरिका और इजराइल पर लगाया गया था। अमेरिका ने कहा कि वे इस हमले की जांच कर रहे हैं।