जयपुर में किन्नर अखाड़ा उज्जैन की महामंडलेश्वर काली नंद गिरी के बाउंसरों ने मामूली विवाद के बाद वकील का सिर फोड़ दिया। वीडियो बना रहे होमगार्ड को धमकी दी। मामला बनीपार्क इलाके में चिंकारा कैंटीन के पास मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। एसीपी (सदर) धर्मवीर सिंह ने बताया- मानसरोवर के मांग्यावास निवासी वकील कुणाल शर्मा के साथ मारपीट हुई है। वे सुबह करीब 10 बजे अपनी कार से सेशन कोर्ट आ रहे थे। चिंकारा कैंटीन की ट्रैफिक लाइट से आगे कुणाल कार खड़ी कर रहे थे। इसी दौरान मध्यप्रदेश नंबर की छह लग्जरी गाड़ियां ओवर स्पीड में सीकर रोड की तरफ निकली। इसमें से एक गाड़ी ने वकील कुणाल की कार को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद काफिले की कार से उतरे बाउंसरों ने कुणाल के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो बनाने वाले होमगार्ड भूपेंद्र सिंह को भी बाउंसरों ने पकड़ कर धमकी दी। पुलिस में वकील कुणाल शर्मा ने FIR दर्ज कराई है। कुणाल के अनुसार- यह काफिला किन्नर अखाड़ा उज्जैन की महामंडलेश्वर काली नंद गिरी का था। बाद में हरमाड़ा थाना पुलिस ने नाकाबंदी करते हुए काफिले में शामिल एक गाड़ी को जब्त किया। गाड़ी से उतरते ही बाउंसरों ने की मारपीट एसीपी (सदर) धर्मवीर सिंह ने बताया- कार को टक्कर मारने के बाद काफिले की सभी छह गाड़ियां रुक गईं। कार से कुणाल भी बातचीत करने के लिए नीचे उतरे। इसी दौरान गाड़ियों में सवार 5-6 बाउंसर उनकी तरफ आए। उन्होंने आते ही एडवोकेट कुणाल के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। कुणाल ने पुलिस को बताया- बाउंसरों ने मारपीट कर मोबाइल, कैश और गोल्ड की चेन छीन ली। धमकी देकर डिलीट करवाया VIDEO घटना के समय पास ही अग्निशमन ऑफिस में तैनात होमगार्ड भूपेंद्र सिंह ने झगड़ा होते देखकर मोबाइल से वीडियो शूट करना शुरू किया। वीडियो बनाते देखकर बाउंसरों ने होमगार्ड को पकड़ लिया। इसके बाद धमकी देते हुए उसे जबरन अपनी गाड़ी में डाल लिया। बीच-बचाव करने आए साथियों ने जैसे-तैसे होमगार्ड को छुड़वाया। बाउंसरों ने बनाए वीडियो को डिलीट करने के बाद मोबाइल वापस लौटाया। पुलिस ने नाकाबंदी में एक गाड़ी की जब्त काफिले के हुड़दंग और लूटपाट कर सीकर रोड की तरफ रवाना होने की पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। पुलिस की ओर से नाकाबंदी करवाई गई। हरमाड़ा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान काफिले में शामिल एक गाड़ी को पकड़ लिया। पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर उसमें सवार चार लोगों को राउंडअप कर लिया है।