एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली से भुवनेश्वर जा रही एक फ्लाइट को बीच रास्ते जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड कराना पड़ा। एयरलाइन की ओर से इसे फ्यूल की कमी का मामला बताया गया, हालांकि सूत्रों के अनुसार विमान में तकनीकी खराबी की आशंका के चलते भी एहतियातन यह लैंडिंग कराई गई। घटना के बाद कुछ समय तक पैसेंजर्स काफी परेशान रहे। लेकिन बाद में फ्लाइट को दोबारा भुवनेश्वर के लिए रवाना कर दिया गया। दरअसल, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX - 1057 दिल्ली से भुवनेश्वर के लिए रवाना हुई थी। उड़ान भरने के कुछ समय बाद पायलट ने विमान को जयपुर एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला लिया। एयरलाइन की ओर से बताया गया कि विमान में फ्यूल की कमी के कारण जयपुर में लैंडिंग कराई गई। हालांकि एयरपोर्ट सूत्रों का कहना है कि केवल फ्यूल की कमी ही नहीं, बल्कि विमान में किसी तकनीकी खराबी की आशंका भी सामने आई थी, जिसके चलते सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट किया गया। ऐसे मामलों में पैसेंजर्स की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पायलट और एयरलाइन ने यह फैसला किया। फ्लाइट के जयपुर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद पैसेंजर्स को कुछ समय तक विमान के अंदर ही बैठाए रखा गया। इस दौरान तकनीकी जांच और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गई। अचानक हुई लैंडिंग के कारण पैसेंजर्स में चिंता जरूर देखी गई, लेकिन एयरपोर्ट और एयरलाइन स्टाफ ने स्थिति को संभाला। सभी जरूरी जांच पूरी होने और स्थिति सामान्य होने के बाद विमान को फिर से भुवनेश्वर के लिए रवाना कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी भी पैसेंजर्स को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और उड़ान सुरक्षित रूप से आगे बढ़ सकी।