फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड एंड इंडस्ट्री (फोर्टी) कार्यालय में शुक्रवार को 'अंगदान महादान' अभियान पर सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अंगदान करने वाली उर्मिला सहारण, नेत्रदान करने वाली उर्मिला गोयल और त्वचा दान करने वाली अनीता गोयल को श्रद्धांजलि देकर उनके योगदान को याद किया गया। सेमिनार में वक्ताओं ने अंगदान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने और लोगों से इस महादान के लिए आगे आने की अपील की। साथ ही पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाने की घोषणा भी की गई। समाज में फैली भ्रांतियां दूर करने की जरूरत पूर्व आईएएस और समाजसेवी महावीर प्रसाद वर्मा ने बताया कि अंगदान को लेकर समाज में कई तरह की भ्रांतियां हैं, जिन्हें दूर करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ की आबादी वाले देश में भी ट्रांसप्लांट के लिए पर्याप्त अंग उपलब्ध नहीं हो पाते। जरूरत के मुकाबले लीवर जैसे अंगों की भारी कमी चिंता का विषय है। जयपुर से शुरू होगा जागरूकता अभियान फोर्टी के संरक्षक सुरजाराम मील ने बताया कि एक व्यक्ति अंगदान कर कई लोगों को नया जीवन दे सकता है, जबकि नेत्रदान से किसी की जिंदगी में रोशनी लाई जा सकती है। उन्होंने समाज के हर वर्ग से इस महादान में भागीदारी की अपील की। फोर्टी अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने बताया कि संगठन आर्थिक गतिविधियों के साथ सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि अंगदान को लेकर पूरे राजस्थान में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसकी शुरुआत जयपुर में एक बड़े कार्यक्रम से होगी। कार्यक्रम में समाजसेवी कृष्ण सहारण ने भी अंगदान के महत्व पर अपने विचार रखे। सेमिनार में फोर्टी के कार्यकारी अध्यक्ष पी.डी. गोयल, यूथ विंग अध्यक्ष सुनील अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी और उद्यमी मौजूद रहे।