जयपुर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- हमारे विपक्षी दल के नेता आज जमानत पर हैं। सोनिया गांधी आर्थिक अपराध में जमानत पर हैं। राहुल गांधी भी जमानत पर हैं। रॉबर्ट वाड्रा भी जमानत पर हैं। केजरीवाल, संजय सिंह, लालू यादव की पार्टी के नेता और मुलायम सिंह यादव की पार्टी के नेता भी जमानत पर हैं। राठौड़ सोमवार को जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में बीजेपी युवा मोर्चा की ओर से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर आयोजित 'छात्र सम्मेलन' को संबोधित कर रहे थे। राठौड़ ने कहा- हम सभी को इतिहास का अध्ययन करना चाहिए। कई लोग अपनी पीठ थपथपाते हैं कि हमने बहुत कुछ किया है। कुछ नहीं किया उन्होंने। कुछ किया है तो राष्ट्रीय चरित्र युक्त नागरिकों ने किया है। इस देश को एक रखने के लिए अपना सर्वस्व समर्पण किया है। राठौड़ ने कहा- आज भी आप देखिए कि राष्ट्र के प्रति भावना किसके मन में है। राष्ट्र प्रथम का भाव किसके मन में है। यह सोच किसी और पार्टी में देखने को मिलती है क्या? उन्होंने कहा- एकमात्र यदि कोई निष्कलंक व्यक्तित्व वाले लोग हैं तो आप सबके सामने हैं। आप सब जानते हैं कि इन पर कोई अंगुली भी उठा सकता है क्या? कोई आपका क्या मुकाबला करेगा। कौन आपके सामने टिक सकता है। डॉ. मुखर्जी सबसे युवा कुलपति बने वहीं सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि युवाओं को डॉ. मुखर्जी के जीवन और विचारों का अध्ययन करना चाहिए, ताकि उन्हें यह समझने का अवसर मिले कि अपनी ऊर्जा और युवावस्था को राष्ट्र निर्माण में किस प्रकार लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मात्र 33 वर्ष की आयु में डॉ. मुखर्जी कोलकाता विश्वविद्यालय के कुलपति बने। बाद में बंगाल सरकार में वित्त मंत्री और स्वतंत्र भारत की पहली सरकार में उद्योग मंत्री के रूप में काम किया। वहीं पूर्वी पाकिस्तान में हिंदुओं पर अत्याचार और नेहरू-लियाकत समझौते से असहमति के कारण उन्होंने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर राष्ट्रवादी राजनीतिक विकल्प के निर्माण का मार्ग चुना। मंडल स्तर तक होंगे छात्र सम्मेलन युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा ने कहा- छात्र सम्मेलन केवल एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं से व्यापक संवाद अभियान की शुरुआत है। इससे पहले आदिवासी क्षेत्र से छात्र सम्मेलन आयोजित किए गए हैं। उन्होंने बताया- यह अभियान संभाग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सभी जिलों और मंडलों तक चलाया जाएगा। युवा मोर्चा विभिन्न छात्र सम्मेलनों और संपर्क अभियानों के माध्यम से युवाओं को संगठन से जोड़ने के साथ केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी भी देगा।