जयपुर में एक युवती ने हनीट्रैप में फंसाने की धमकी देकर युवक से 13 लाख रुपए ऐंठ लिए। युवती रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 9 साल तक युवक को ब्लैकमेल कर रुपए ऐंठती रही। इतना ही नहीं युवती ने डराने के लिए दो बार केस विड्रो भी कर लिया, इसके बाद भी ब्लैकमेलिंग का सिलसिला जारी रखा। पुलिस ने पीड़ित युवक की शिकायत पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि जयपुर के रहने वाले युवक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वह किराए पर रहकर प्राइवेट जॉब करता है। साल-2015 से 2018 के बीच किराए पर रहने के दौरान पड़ोसी युवती की रुपयों की जरूरत होने पर मदद करता था। आरोप है कि घर चेंज कर दूसरी जगह रहने जाने के बाद आरोपी ब्लैकमेलर युवती रेप केस में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी देने लगी और ब्लैकमेल कर उससे रुपए ऐंठना शुरू कर दिया। रुपए लेकर बयान बदले आरोप है कि रुपए नहीं देने पर साल 2018 में युवती ने उसके खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज करवाया दिया। जेल भिजवाने की धमकी देकर 2 लाख रुपए की डिमांड की। रुपए नहीं देने पर रेप और एससी/एसटी एक्ट भी जुड़वा दिया। इसके बाद राजीनामा करने की एवज में 5 लाख रुपए की डिमांड करने लगी। धमकी देकर ब्लैकमेलर युवती ने 3 लाख रुपए में डील तय कर ऐंठ लिए। बयान बदलने पर किसी प्रकार का कोई रेप करना नहीं बताया। पुलिस की ओर से मामले में एफआर लगा दी गई। दूसरी बार केस विड्रो के लिए रुपए वसूले उसके बाद भी ब्लैकमेलर युवती की ओर से समाज में बदनाम करने की धमकी देकर रुपए वसूली करना चालू रहा। डर के मारे रुपए देने के दौरान वह शांत रहा। हिम्मत कर रुपए देने से मना करने पर कोर्ट में परिवाद पेश किया, जिसमें रेप, छेड़छाड़ और आईटी एक्ट व एससी/एससटी एक्ट लगाया गया। फिर ब्लैकमेलर युवती को 2 लाख रुपए देकर पीछा छुड़वाया। आरोपी युवती ने रुपए लेने के बाद केस को वापस ले लिया। डराकर वसूलती रही रकम पीड़ित का आरोप है कि दो बार पुलिस केस के जरिए रुपए ऐंठने के बाद भी ब्लैकमेलिंग बंद नहीं हुई। रेप केस में जेल भिजवाने की धमकियां देकर 10 हजार रुपए प्रति महीने ऐंठना शुरू कर दिया। दिसंबर 2025 में सैलेरी के आने वाले रुपयों को देने को लेकर डराने-धमकाने लगी। पिछले 9 साल में करीब 13 लाख रुपए ब्लैकमेल कर उससे वसूले गए। आखिरकार ब्लैकमेलिंग के टॉर्चर से परेशान होकर पीड़ित ने आरोपी ब्लैकमेलर युवती के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।