राजस्थान से लेकर पंजाब की जेल तक अंतरराष्ट्रीय हेरोइन तस्करी नेटवर्क का कनेक्शन सामने आया है। हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने जयपुर से कैटरिंग करने वाले दो युवकों को हिरासत में लिया है। पाली का रहने वाला मुख्य आरोपी राकेश प्रजापत अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। जांच में सामने आया है कि सरगना राकेश पंजाब जेल में रह चुका है। जहां उसकी पहचान पाकिस्तान से जुड़े तस्करी नेटवर्क के लोगों से हुई थी। दरअसल, बीकानेर के पूगल और खाजूवाला बॉर्डर से जुड़े इस नेटवर्क में 22 अप्रैल को बड़ा खुलासा हुआ था। पूगल रोड पर स्कूटी सवार खेताराम मेघवाल नीलगाय से टकराकर घायल हो गया था। हादसे के बाद उसकी स्कूटी से 14 किलो हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 70 करोड़ रुपए आंकी गई है। खेताराम फिलहाल पीबीएम अस्पताल में भर्ती है और उसे पूरी तरह होश नहीं आने के कारण बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। जयपुर से दो आरोपी गिरफ्तार जांच में सामने आया है कि जयपुर में कैटरिंग का काम करने वाले राहुल रावत और प्रशांत कयाल इस तस्करी नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। पुलिस को संदेह है कि दोनों मुख्य आरोपी राकेश प्रजापत के लिए ‘डिलीवरी मैन’ के रूप में काम कर रहे थे। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि वे पहले भी पाकिस्तानी ड्रोन से गिराई गई हेरोइन की खेप आगे पहुंचा चुके हैं। स्थानीय नेटवर्क का भी इस्तेमाल तस्करी के लिए बीकानेर के एक स्थानीय व्यक्ति की स्कूटी का इस्तेमाल किया गया, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस अब उन स्थानीय लोगों की पहचान कर रही है जिन्होंने तस्करों को लॉजिस्टिक सपोर्ट दिया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, राकेश प्रजापत ने इन लोगों को खाजूवाला बॉर्डर से हेरोइन की खेप उठाकर पंजाब पहुंचाने की जिम्मेदारी दी थी। पंजाब जेल से जुड़े तार जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी राकेश प्रजापत पहले पंजाब की जेल में रह चुका है, जहां उसकी पहचान पाकिस्तान से जुड़े तस्करी नेटवर्क के लोगों से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद वह इस अंतरराष्ट्रीय गिरोह का सक्रिय सदस्य बन गया। राकेश के खिलाफ पाली में सात और पंजाब में एक डकैती का मामला दर्ज है। पुलिस को उसके नेटवर्क के तार दिल्ली और बेंगलुरु तक जुड़े होने की आशंका है, जिसकी जांच जारी है। एसपी बोले- जल्द होगा बड़ा खुलासा बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया - 70 करोड़ रुपए की हेरोइन बरामदगी मामले में जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। अस्पताल में भर्ती खेताराम से अभी पूछताछ नहीं हो सकी है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
--- घटना से संबंधित ये खबर भी पढ़ें … बेहोश पड़े युवक की स्कूटी से मिली 70-करोड़ की हेरोइन:पुलिस ने हॉस्पिटल में भर्ती करवाकर गाड़ी चेक किया तो 14 किलो ड्रग मिली बीकानेर में सड़क हादसे में घायल युवक की स्कूटी की डिक्की से पुलिस को 70 करोड़ की हेरोइन मिली है। युवक सड़क पर घायल अवस्था में बेहोश पड़ा हुआ था। पूरी खबर पढ़िए