जयपुर में शनिवार को महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर शहर के अलग-अलग इलाकों में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुहाना मंडी में व्यापारियों ने कार रैली निकाली और मंडी परिसर में स्थापित फुले की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, किसान, मजदूर और आमजन शामिल हुए। इधर, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी जयपुर के बाइस गोदाम स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से फुले के समाज सुधारक कार्यों और उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया, खासकर शिक्षा और समानता के क्षेत्र में आगे बढ़ने की बात कही। मुहाना मंडी में निकली कार रैली मुहाना मंडी में आयोजित कार्यक्रम के तहत सांगानेर से निकली विशाल वाहन रैली का समापन मंडी परिसर में हुआ। रैली में ट्रैक्टर, दुपहिया और चार पहिया वाहनों के साथ सैकड़ों लोग शामिल हुए, जिनमें महिला-पुरुष दोनों की सक्रिय भागीदारी रही। मंडी परिसर में इसके बाद श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें आढ़तियों, व्यापारियों, माशाखोर, किसान और मजदूरों ने पुष्पांजलि देकर फुले के योगदान को याद किया। व्यापारियों की ओर से आमजन के लिए फल, आइसक्रीम और जल सेवा भी की गई। मुहाना मंडी में दो दिन तक चले कार्यक्रम मुहाना मंडी में दो दिवसीय जयंती कार्यक्रम की श्रृंखला में एक दिन पहले दीपदान किया गया, इसके बाद शनिवार को मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें बुजुर्गों से लेकर युवा, महिलाएं और बच्चे तक बड़ी संख्या में शामिल हुए। जयपुर फल व सब्जी थोक विक्रेता संघ के अध्यक्ष योगेश तंवर ने बताया कि मंडी में हर साल फुले जयंती पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि समाज को उनके विचारों और योगदान के बारे में जागरूक किया जा सके। कार्यक्रम में वरिष्ठ व्यापारी सरवणजी पटेल, हमीद कुरैशी, सत्यनारायण सैनी, जुगल सैनी, राजेंद्र नारंग, शिवशंकर शर्मा, सतीश रावत, इमरान कुरैशी, इंदर सैनी, सुनील गोयल, संजय तारानगर, जितेंद्र, गणेश बगरू, जयकुमार टेवानी, दिलीप बागड़ा, दीपू हासी, चिमनलाल, रोहित सैनी, घनश्याम शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।