जयपुर में तीसरी बार बेटी होने से नाराज एक पिता ने अपनी ही नवजात बच्ची का गला घोंटकर मार डाला। आरोपी पिता बच्ची को दूध पिलाने के बहाने वार्ड से बाहर लेकर गया था, जहां उसने मासूम को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद वह बच्ची को वापस वार्ड में लाकर उसके पास बैठ गया। जब काफी देर तक बच्ची के रोने की आवाज नहीं आई, तो डॉक्टरों को शक हुआ। डॉक्टरों ने जब बच्ची की जांच की, तो गले पर निशान मिले और गर्दन पर खून लगा हुआ था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। यह घटना जयपुर के चंदवाजी थाना क्षेत्र स्थित निम्स (NIMS) हॉस्पिटल की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 27 जुलाई को पत्नी को कराया था भर्ती चंदवाजी थाना प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया- नीमराना निवासी रवि कुमार यादव (38) ने अपनी गर्भवती पत्नी कोमल देवी को 27 जुलाई को निम्स (NIMS) हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। अगले दिन, 28 जुलाई की दोपहर करीब 2 बजे महिला ने सिजेरियन (ऑपरेशन) के जरिए अपनी तीसरी बेटी को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद मां को अलग वार्ड में और नवजात बच्ची को दूसरे वार्ड में रखा गया था। ढाई घंटे तक नहीं आई मासूम की आवाज राजवीर सिंह ने बताया- आरोपी पिता रवि कुमार बच्ची को दूध पिलाने के बहाने उसके पास जाकर बैठ गया। दोपहर करीब 4 बजे से लेकर शाम 6:30 बजे तक बच्ची की कोई आवाज या हलचल नहीं हुई। इस पर वार्ड में भर्ती पड़ोसी बेड के मरीज के परिजनों को शक हुआ और उन्होंने डॉक्टरों को सूचना दी कि बच्ची पिछले ढाई घंटे से बिल्कुल शांत है। शाम करीब 7 बजे डॉक्टरों ने जब बच्ची को चेक किया, तो उसे तुरंत आईसीयू वार्ड में शिफ्ट कर सीपीआर दिया गया, लेकिन बच्ची के शरीर में कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया (पॉजिटिव रिस्पॉन्स) नहीं हुई। गले पर नीले निशान, आरोपी हिरासत में राजवीर सिंह ने बताया- डॉक्टरों ने जब बच्ची की गहनता से मेडिकल जांच की, तो सच्चाई सामने आ गई। मासूम के गले पर नीले निशान थे। खून भी लगा हुआ था। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर चंदवाजी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी पिता रवि कुमार को हिरासत में ले लिया। दूध पिलाने की बात कहकर बाहर ले गया था आरोपी निम्स अस्पताल के इंचार्ज के.के. शर्मा ने बताया- आरोपी बच्ची को दूध पिलाने की बात कहकर NICU से बाहर ले गया था। कुछ ही देर बाद बच्ची गंभीर अवस्था में मिली, जिसके बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर चंदवाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ---- यह खबर भी पढ़िए… अजमेर में पहले बेटी को चौपाटी घुमाया,फिर झील में फेंका:लिव इन पार्टनर के तानों से परेशान थी महिला, 3 साल की बच्ची को मार डाला अजमेर के मां ने 3 साल की बेटी को पहले आनासागर की चौपाटी पर घुमाया और फिर झील में फेंक दिया। डूबने से मासूम की मौत हो गई। पुलिस ने महिला को अरेस्ट कर लिया। महिला लिव इन में रहती थी और पार्टनर बच्ची को लेकर उसे ताने मारता था। पढ़ें पूरी खबर